आगरा में मेट्रो: मेट्रो रेल के लिए होता निर्माण कार्य
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शिलान्यास के बाद मेट्रो रेल कारपोरेशन ने ताजनगरी में मेट्रो का काम तेजी से किया है। सात माह में 50 पिलर का निर्माण कर लिया गया। हर चौथे दिन एक पिलर पूरा किया जा रहा है। अब तक 533 पाइल और 97 पाइलकैप का निर्माण किया जा चुका है। बमरौली कटारा स्थित कास्टिंग यार्ड में अबतक 10 डबल टी गर्डर एवं 14 पीयर कैप का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी कुमार केशव ने बताया कि आगरा मेट्रो टीम ने तय समय में 50 पीयर्स का निर्माण पूरा कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यूपीएमआरसी निर्धारित समय में इस प्राथमिकता कॉरिडोर का निर्माण पूरा कर लेगी।
ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के प्राथमिकता वाले हिस्से में तेज रफ्तार के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। ताज ईस्ट गेट से जामा मस्जिद के बीच एलीवेटेड भाग में कुल तीन स्टेशनों ताज ईस्ट गेट, बसई, फतेहाबाद रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से ताज ईस्ट गेट एवं बसई स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।