कासगंज। खाद की कालाबाजारी रोकने को प्वॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन के नए वर्जन को अपडेट करने में विक्रेता लापरवाही बरत रहे हैं। आधे से भी कम विक्रेताओं ने नया वर्जन अपडेट किया है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र ने बताया कि उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अनियमित बिक्री को रोकने के लिए पीओएस (पोस) मशीन में नई व्यवस्था लागू की गई है। जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं को इस मशीन में नए वर्जन 3.31 टीएमएस अपडेट करने के साथ ही जिओ फेंसिंग भी करानी आवश्यक है। ताकि कोई उर्वरक विक्रेता अपने प्रतिष्ठान या गोदाम से निर्धारित दूरी की सीमा से बाहर उर्वरकों का वितरण या बिक्री न कर सके। इस कार्य की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा आईएफएमएस पोर्टल पर जिले के कुल सक्रिय 1004 उर्वरक विक्रेताओं में से एल 1 पोस मशीन वाले 694 विक्रेताओं में से अभी तक केवल 307 ने ही नया वर्जन अपडेट किया है। इनमें से केवल 246 उर्वरक विक्रेता ही अपनी मशीन में जिओ फेंसिंग किए हैं, शेष 61 ने इस ओर ध्यान तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सभी विक्रेता नया वर्जन अपडेट करते हुए जिओ फेंसिंग करा लें। लापरवाही बरतने पर उर्वरक विक्रेताओं को चिह्नित करते हुए दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कोई भी उर्वरक विक्रेता शाम 8:00 बजे के बाद किसी भी उर्वरक की बिक्री न करें।