आगरा। राधाष्टमी पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने 18 से 20 सितंबर तक 160 बसों के संचालन की तैयारी की है। इनमें आगरा से बरसाना वाया मथुरा-गोवर्धन 50 बसें चलेंगी। बरसाना में जिला प्रशासन बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड से बसों का संचालन होगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक आगरा बीपी अग्रवाल ने बताया कि मथुरा से बरसाना वाया गोवर्धन 60, वृंदावन से बरसाना 30, मथुरा से बरसाना वाया छाता 5 और वाया कोसी 15 बसें संचालित की जाएंगी। बरसाना, गोवर्धन, भूतेश्वर बस स्टेशन मथुरा और आगरा आईएसबीटी पर तीनों पालियों में अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहेंगे। बसों की साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर जोर रहेगा। मार्ग पर प्रवर्तन की व्यवस्था भी की जाएगी। अधिकृत ढाबे पर ही बस रोकने, क्रू को वर्दी में ड्यूटी करने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए लोक माता अहिल्याबाई होलकर मातृशक्ति यात्रा योजना का प्रचार-प्रसार और पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में राजेश यादव, सीमा शिवहरे, सारिका शर्मा, पीके श्रीवास्तव, बुद्ध प्रकाश, रविकांत मल्ल और नितिन शर्मा मौजूद रहे।