मैनपुरी। करहल रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में पहुंचे 611 अभ्यर्थियों में से 497 का चयन कर मेले में पहुंची विभिन्न कंपनियों द्वारा रोजगार दिया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जिला उद्योग और उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित रोजगार मेले में 14 नियोजकों द्वारा विभिन्न पदों के लिए भर्ती की गई। इस मेले में कुल 611 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिसमें से 497 का विभिन्न नियोजकों ने अलग-अलग पदों के लिए चयन किया। पूर्व में रोजगार मेले का शुभारंभ पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बाहरी नियोजक जिले में आकर बेरोजगारों का चयन कर रहे हैं।
मेले के दौरान संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण आगरा मंडला आगरा योगेंद्र सिंह, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचर्य संजय सागर, सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी विकास मिश्रा, राजेश कुमार राठौर, पवन मलिक, रवीश मिश्रा, तरुण प्रकाश शर्मा, स्वतंत्र कुमार, अंकित श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।