मैनपुरी-बेवर। थाना क्षेत्र में बैंक शाखा के उपकेंद्र संचालक द्वारा एक बैंक उपभोक्ता का एटीएम एक्टिवेट करने को लिया। उसके खाते से 43 हजार रुपये निकाल लिए। उपभोक्ता की शिकायत पर स्टेट बैंक मुख्य शाखा में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। ग्राम टपरा गढ़िया छिनकौरा निवासी नरेश कुमार ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में कहा है उनकी पत्नी सीमा का खाता ग्राम कूंडी में खुले भारतीय स्टेट बैंक के पटल केंद्र में है।
20 मार्च को ग्राम खूजा में खुले एसबीआई के प्वाइंट के कर्मचारी विकास कुमार निवासी भूड़पटिया थाना बेवर ने उनके खाते में आए एटीएम को एक्टिवेट कराने के लिए लिया। मुख्य ब्रांच के कर्मचारियों की मिलीभगत से खाते में जमा रुपयों में से 43 हजार की धनराशि निकाल ली। उसने बेवर बैंक में शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर थाने में शिकायत कर निकाली गई धनराशि को वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।