टूंडला। परिषदीय विद्यालयों में कहीं दर्जन भर छात्रों पर शिक्षकों की भरमार है तो कहीं सैकड़ों बच्चों पर एक ही शिक्षक की तैनाती थी। इस खबर को अमर उजाला ने प्राथमिकता से प्रकाशित किया तब शिक्षा विभाग जागा। शिक्षा विभाग ने जहां एक-एक शिक्षक तैनात थे वहां एक-एक शिक्षक की और तैनाती कर दी है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गढ़ी मिश्री में मात्र 10 बच्चों पर तीन शिक्षक शालिनी, नवीन कुमार व एक अन्य तैनात थे। प्राथमिक विद्यालय नगला नंदा में 122 बच्चों पर मात्र एक ही शिक्षिका स्वेता तैनात थी।
उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी गोपाल में सात बच्चों के लिए तीन शिक्षक अर्चना दिवाकर और दो अन्य शिक्षक तैनात थे। प्राथमिक विद्यालय बजहेरा में 108 बच्चों के लिए एक ही शिक्षामित्र रामप्रकाश थे। प्राथमिक विद्यालय गढ़ी गोपाल में 15 छात्रों के लिए तीन शिक्षक अतुल अग्रवाल, अवनीश शर्मा और कल्पना तैनात थीं।
वहीं प्राथमिक विद्यालय गढ़ी साहब में 90 छात्रों के लिए एक ही शिक्षामित्र सुल्तान सिंह तैनात थे। प्राथमिक विद्यालय जटई में 65 बच्चों पर आशुतोष पांडे तैनात थे। प्राथमिक विद्यालय नगला कदम में 81 बच्चों के लिए दो शिक्षक मुकेश कुमार व रेनू तैनात थे।
शिक्षा विभाग ने प्राथमिक विद्यालय नगला नंदा में शिक्षक धर्मेंद्र कुमार को तैनात किया है। प्राथमिक विद्यालय बजहेरा में रहीश मोहम्मद, प्राथमिक विद्यालय गढ़ी साहब में शिक्षक सौभाग्य, प्राथमिक विद्यालय जटई में शिक्षक जमुना प्रसाद को तैनात किया है।