मैनपुरी-बरनाहल। छात्र व परिजनों के साथ मारपीट व बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि शिकायत करने आए परिजनों को विद्यालय से दौड़ा कर फायरिंग भी की गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव ककर्रा निवासी अश्विनी कुमार दिहुली स्थित शिक्षा सागर पब्लिक इंटर कालेज आवासीय में 10वीं का छात्र है। गुरुवार को जब वह आधार कार्ड लिंक कराने गया था तो वहां शिक्षक बीपी सिंह से विज्ञान की फाइल जांचने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद शिक्षक ने साथी गोपाल सिंह के साथ मिलकर छात्र के साथ मारपीट कर दी थी।
जब इसकी शिकायत करने छात्र के साथ पिता सुनील, मां बीना और चाची बेबी स्कूल पहुंची तो मारपीट करने वाले शिक्षक से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद प्रबंधक रघुराज सिंह ने गाली गलौज करते हुए स्टाफ के साथ महिलाओं को विद्यालय के कमरे में बंधक बनाने के साथ ही परिजनों व छात्र के साथ मारपीट कर दी थी। फायरिंग करते हुए परिजनों को भगा दिया था। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्रबंधक रघुराज सिंह, उदय प्रताप उर्फ यूपी, प्रबल कुमार, गुंजन यादव, वीपी सिंह , गोपाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है।