फिरोजाबाद। नगला भाऊ स्थित सदर तहसील में रात में शार्ट सर्किट से स्वान कक्ष में भयंकर आग लग गई। आग लगने से कक्ष में रखे चार कंप्यूटर, प्रिंटर, लेपटॉप, यूपीएस, बीएसएनएल इंटरनेट का राउटर जलकर पूरी तरह खाक हो गया। इनवर्टर की बैटरी फटने की तेज आवाज से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सदर तहसील की पहली मंजिल पर स्वान कक्ष (स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क) बना हुआ है। इसी कक्ष से तहसील में इंटरनेट चलता है। स्वान कक्ष पूरी तरह एयर कंडीशनर है। कक्ष में चार कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, स्केनर रखा था। इसके अलावा बीएसएनएल का राउटर भी लगा है। स्वान कक्ष में रात करीब दो बजे अचानक शार्ट सर्किट से कक्ष में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण इनर्वटर की बैटरी फटने से जोरदार धमाका हुआ तो नीचे सो रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
वे ऊपर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर होश उड़ गए। स्वान में आग लगने की सूचना तत्काल एसडीएम और तहसीलदार को दी। इसके साथ फायर ब्रिगेड को फोन किया। सूचना पर तत्काल एसडीएम सदर देवेंद्र कुमार, तहसीलदार प्रसून कश्यप तहसील पहुंचे। उन्होंने कक्ष को खुलवा कर देखा तो आग की लपटें बाहर आने से पूरी गैलरी में धुआं भर गया। थोड़ी देर में पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।