फिरोजाबाद। केंद्र की मोदी सरकार ने चार साल में देश को विश्व गुरु बनाने, आर्थिक रूप से समृद्धशाली का कार्य किया है। केंद्र सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास को संकल्पित है। यह बातें भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने सुहाग नगर स्थित माथुर वैश्य धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र स्पष्ट बहुमत की सरकार बनी थी। इन चार सालों में केंद्र सरकार ने हर गरीब, आमजनता, बेरोजगार, युवा, महिलाओं, किसानों, पिछड़ें व दलितों के विकास को योजनाएं चलाईं। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से समृद्ध करने का कार्य किया है। केंद्र सरकार ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया है। वर्तमान में भाजपा की 21 प्रदेश में सरकार है। चार वर्ष में पार्टी की सदस्यता 11 करोड़ से अधिक पहुंच गई है। अमेरिका जैसे ताकतवर देश भी आज भारत का लोहा मानते हैं। वार्ता में जिलाध्यक्ष बीएल शर्मा, महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, शिवमोहन श्रोती, देवेश भारद्वाज, अमित गुप्ता शामिल रहे।
पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दाम व बढ़ती महंगाई के जवाब पर भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने देश में पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से भाजपा सरकार बेहद चिंतित है। पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा इसकी समीक्षा की जा रही है। रेट करने के संबंध में केंद्र सरकार जल्द निर्णय लेगी। मुद्रा लोन में बैंक मैनेजरों की मनमानी की शिकायत पर उन्होंने कहा कि मुद्रा लोन वितरण में बैंक मैनेजरों की कई बार शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है, जो बैंक मैनेजर गड़बड़ी कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।