टाउनशिप (मथुरा)। कार की ड्राइविंग सीट पर लहूलुहान हालत में मिले युवक की मौत हत्या और आत्महत्या में उलझ गई है। बाद में एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाते वक्त युवक की मौत हो गई थी। परिवारवाले हत्या की बात कर रहे हैं जबकि पुलिस इसे आत्महत्या का केस मान रही है। पुलिस ने युवक की लाइसेंसी रिवाल्वर कब्जे में ली है। घटना बुधवार देर रात की है।
थाना फरह के गांव झंडीपुर निवासी बच्चू सिंह (45) पुत्र इंद्रजीत सिंह की थाना रिफाइनरी के गेट नंबर नौ पर एचपी पेट्रोल पंप के समीप गोली लगने से मौत हो गई थी। वह कार में ही लहूलुहान हालत में मिला था। रिफाइनरी पुलिस ने तत्काल खून से लथपथ युवक को स्वर्ण जयंती हास्पिटल में भर्ती कराया था। हालत नाजुक होने पर नयति हास्पिटल ले जाते वक्त युवक की मौत हो गई।
मृतक के भाई क्षेत्रपाल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक डा. विनोद कुमार पायल ने बताया कि सीधी कनपटी की तरफ गोली मारकर युवक ने आत्महत्या की है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था तो कइयों से रकम लेनी थी। लेनदार तो परेशान कर रहे थे, जबकि देनदार रुपये नहीं लौटा रहे हैं। इसी के चलते युवक ने आत्महत्या की है। बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई थी। भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।