फिरोजाबाद। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सुबह 11 बजे पुलिस लाइन में आएंगे। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। प्रभारी मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 34 करोड़ 48 लाख के दो कार्यों का शिलान्यास और दो करोड़ 53 लाख 38 हजार की लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। सम्मेलन में बीस हजार लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किए जाने के साथ करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने को आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद, आईजी राजा श्रीवास्तव पुलिस लाइन में पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को एक वर्ष पूरा होने पर प्रदेश में पहले लाभार्थी कैंप का आयोजन फिरोजाबाद में हो रहा है। मुख्यमंत्री का जिले में यह तीसरा दौरा होगा। इससे पूर्व नगर निकाय चुनाव प्रचार, दूसरी बार निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। मुख्यमंत्री का यह पहला सरकारी कार्यक्रम जिले में है। कार्यक्रम पर हर किसी की नजरें टिकीं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उड़न खटोला पुलिस लाइन में 11 बजे उतरेगा और 12.30 बजे तक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर जिला और मंडल में हुए नए प्रयोगों की फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। इसके लिए पर्याप्त फोर्स मुहैया कराया गया है। आईजी आगरा जोन राजा श्रीवास्तव, डीएम नेहा शर्मा, एसएसपी डॉ. मनोज कुमार ने ब्रीफिंग की। सीडीओ अशोक कुमार, एसपी सिटी राजेश सिंह, एसपी देहात महेंद्र सिंह, एडीएम उदय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद यादव, सीओ सिटी डा. अरुण कुमार सिंह, एसडीएम सदर संगमलाल यादव, जसराना रिजवान अहमद, शिकोहाबाद के अम्बरीश कुमार बिंद, सिरसागंज चंद्रभानु सिंह मौजूद थे।
पुलिस लाइन प्रांगण में समाज कल्याण अधिकारी डा.प्रज्ञा शंकर तिवारी,जिला प्रोबेशन अधिकारी अजयपाल सिंह और पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अनुपम राय, सीबीओ प्रभंजन शुक्ला, डीपीआरओ गिरीशचंद्र, पीओ नेडा मौजूद थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता नानकचंद्र अग्रवाल, जिलाध्यक्ष बीएल वर्मा, महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, देवेश भारद्वाज, उदय ठाकुर, उल्लास गर्ग पहुंचे और अधिकारियों से तैयारियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री लाभार्थी सम्मेलन के दौरान विभिन्न योजनाओं से जुड़े करीब 110 लाभार्थियों को मंच से योजना का लाभ देंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में दस और शहरी में आठ पात्रों को चाबी देंगे। मछुआ आवास योजना में पांच, स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच आशाओं को मोबाइल सेट, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पांच,श् ादी अनुदान योजना के पांच, वृद्धावस्था पेंशन के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र देंगे।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के छह पात्रों को रिवाल्विंग फंड स्वीकृत पत्र, स्वच्छ भारत मिशन के तहत पांच प्रधानों को प्रमाणपत्र, पांच स्वेच्छाग्रही को प्रमाणपत्र, कौशल विकास मिशन के तहत पांच को नियुक्ति पत्र, दिव्यांगजन विभाग की ओर से दस पात्रों को ही स्वीकृति पत्र मिलेंगे। अफसर सीएम के एक साल में कराए कार्यों का ब्योरा जुटाने में लगे रहे। जिले से लेकर ब्लाक, ग्राम पंचायत तक से कार्यों का विवरण एकत्रित किया जा रहा था। कृषि विभाग की ऋण मोचन, शादी अनुदान, पेंशन योजनाओं के साथ अन्य योजनाओं, विकास कार्यों का ब्योरा एकत्रित किया है।