मथुरा। दिल्ली से मथुरा पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने यमुना का हवाई सर्वे किया। दिल्ली से मथुरा तक बड़े करीब से यमुना की स्थिति को जाना। उन्होंने वृंदावन में कहा भी कि वाकई बुरी स्थिति है। नदी संस्कृति तो बची ही नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही यमुना की स्थिति में सुधार किया जाएगा।
रविवार को मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा और यमुना की सफाई के लिए सरकार संकल्पित है। यमुना नदी को भी नमामि गंगे में शामिल कर लिया गया है। सफाई का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। जो लक्ष्य तय किया है उसके मुताबिक दो साल के भीतर यमुना साफ हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भारत को बचाना है तो गाय और गांव को बचा लो। नदियों को जिंदा कर लो। हमारी संस्कृति इन्हीं से जीवित है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदियों को साफ और सुरक्षित बनाने के लिए आगे आएं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मथुरा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। श्रीकृष्ण की नगरी से हर किसी की आस्था जुड़ी है लिहाजा सरकार मथुरा को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित करेगी।