एटा। जिले और आस पास के इलाकों में तस्करी के लिए लाई गई चालीस लाख रुपये गैर प्रांतीय शराब बरामद कर कोतवाली नगर और स्वाट टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक ट्रक और तमंचा बरामद किया है। पुलिस टीम को एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की बात कही है।
प्रेसवार्ता में एसएसपी अखिलेश चौरसिया और एएसपी संजय कुमार ने बताया कि कोतवाली नगर पुलिस और स्वाट टीम ने सूचना के आधार पर एक ट्रक को जीटी रोड गऊशाला समीप पकड़ा। जांच में ट्रक में लदी गैर प्रांतीय शराब की पेटी मिली। पुलिस ने दो आरोपियों विजेंद्र कुमार पुत्र होशियार सिंह निवासी बालसमन हिसार हरियाणा और मंदीप पुत्र जोगेंद्र निवासी कालवन गढ़ी जींद हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं तीन आरोपी भागने में सफल हो गए। एसएसपी ने बताया कि ट्रक से गैर प्रांतीय शराब की 720 पेटी बरामद की गई है। इनकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये बताई जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ढाई करोड़ की बरामद हो चुकी है गैर प्रातीय शराब
एटा। विगत पांच माह में पुलिस करीब ढाई करोड़ रुपये की गैर प्रांतीय शराब बरामद कर चुकी है। इसमें पुलिस ने 35 वाहन भी बरामद किए। इसमें कैंटर, ट्रक, टैंकर, ट्रैक्टर और लग्जरी गाड़ियां शामिल है। पुलिस ने इन मामलों में 40 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पंजाब, हरियाणा होती है तस्करी
एटा। जिले और आसपास के जनपदाें में पहुंचने वाली गैर प्रांतीय शराब की तस्करी मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा से होती है। शराब तस्कर पुलिस की आंख में धूल झोंकने के इरादे से शराब को लोहे के अंदर बैलडिंग करके अथवा पशुओं का दाना, घरेलू सामान आदि के नीचे रखकर ले जाते हैं।