मथुरा। मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म दो पर शुक्रवार सुबह रेलवे लाइन की पटरी टूट गई। पटरी टूटने की सूचना पर पहुंचे रेलवे इंजीनियरों ने लाइन पर क्लेंप लगा दिया और उसके ऊपर से 25 ट्रेनों को गुजारा। दोपहर को 1.45 घंटे का ब्लाक लेकर टूटी पटरी को बदल दिया गया।
शुक्रवार सुबह आठ बजे मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म दो पर दिल्ली एंड की तरफ अचानक पटरी टूट गई। पटरी टूटते ही सिग्नल लाल हो गया। इस पर रेल पथ निरीक्षक टीम के साथ पहुंच गए और लाइन पर क्लेंप लगाकर कॉशन देकर ट्रेनों को गुजारा गया।
इस दौरान टूटी पटरी से दोपहर तक 25 से अधिक ट्रेनों को गुजर गई। दोपहर को एक बजे से 2:40 बजे तक ब्लाक लिया और टूटी पटरी को इंजीनियरों ने बदलवा दिया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन सुचारु कर दिया गया।
‘जंक्शन के प्लेटफार्म दो व यार्ड के बीच पटरी चटक गई थी। पेट्रोल टीम ने पटरी चटकते ही लाइन फ्रेक्चर की सूचना दी। क्लेंप लगाकर लाइन को सही किया। दोपहर को ब्लाक लेकर पटरी बदल दी गई’।
- एनपी सिंह, स्टेशन डायरेक्टर मथुरा जंक्शन