मथुरा। तीन बहनों ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शादी के लिए मदद की गुहार लगाई है। तीनों बहनों ने कहा है कि उनके पिता बेहद गरीब हैं। वह उनकी शादी का खर्च नहीं उठा सकते। अभी तक जहां भी बात चली वहां शादी के लिए 15 लाख तक मांगे जा रहे हैं। इन बहनों की गुहार पर समाज कल्याण विभाग मामले की हकीकत जानने में जुट गया है।
शहर मेें औरंगाबाद निवासी एमकॉम की छात्रा ने 27 नवंबर को मुख्यमंत्री के पोर्टल पर गुहार लगाई है। पोर्टल पर जो पत्र लिखा गया है उसमें कहा गया है कि उनके पिता के पास कच्चा आठ बीघा खेत है।
आमदनी का कोई और साधन नहीं है। तीन बहनों की शादी के लिए पिता के पास पैसा नहीं है। छोटी बहन बीए फाइनल और उससे छोटी इंटरमीडिएट कर रही है। युवती ने लिखा है कि यदि उनकी मदद नहीं की गई तो वह आत्महत्या कर लेगी। समाज कल्याण अधिकारी करुणेश त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी ने शिकायत को अग्रसारित कर जांच के लिए भेजा है। शीघ्र ही जांच कर रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।