मथुरा। भगवान कृष्ण की नगरी में योग और मार्निंग वॉक की धूम मची है। 31 दिसंबर को टैंक चौराहे से होने वाली वॉक में कई संगठन जुड़ गए हैं। वहीं एक जनवरी को जिले भर में योग कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
‘अमर उजाला’ की मुहिम ने एक बड़े अभियान का रूप ले लिया है। 50 से भी ज्यादा संगठन मुहिम से जुड़ गए हैं। वहीं मार्निंग वॉक करने वालों की संख्या में भी तेजी के साथ इजाफा हो रहा है। जगह-जगह बैठक करके कार्यक्रम को बड़े स्तर पर करने की तैयारी हो रही है।
गुरुवार को संसार पब्लिक स्कूल में योग कराया गया। प्रबंधक आरपी सिंघल ने कहा कि योग और मार्निंग वॉक करके सेहत को दुरुस्त किया जा सकता है। सर्वोदयी ब्राह्मण विकास सेवा संस्थान के सोहनलाल शर्मा और और नारायण शर्मा ने कहा कि उनके संगठन से जुड़े सभी लोग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। श्री माथुर चतुर्वेद स्नातकोत्तर संस्कृत कालेज में भी योग कराया गया। कहा गया कि कॉलेज के सभी छात्र मुहिम में शामिल होंगे।
प्राचार्य आत्मानाथ चतुर्वेदी ने बताया कि सभी लोग मार्निंग वॉक में शामिल होंगे। भाजपा नेता पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने कहा वह अपने सभी साथियों के साथ मार्निंग वॉक में हिस्सा लेंगे। प्रकाश बैंड के स्वामी रशीद कुरैशी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ रहेंगे।