मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर काम शुरू हो गया है। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी केंद्रों पर जाकर जांच करें कि केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्डिंग हो रही है या नहीं।
मंगलवार को केंद्र व्यवस्थापकों के साथ हुई बैठक में डीएम ने पाया था कि परीक्षा के लिए केंद्र बनाए गए कई सहायता प्राप्त व राजकीय स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे अभी तक नहीं लगाए गए हैं। इस पर डीएम प्रदीप कुमार ने नाराजगी व्यक्त की थी। डीएम ने बुधवार को सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनपद के सभी 121 परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर जानकारी जुटाएं कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे रिकार्डिंग कर रहे हैं कि नहीं।
डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया है कि वे हर हाल में सीसीटीवी कैमरे संचालित कराने का कार्य करें अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने डीआईओएस को भी इस संबंध में निर्देशित किया है कि राजकीय कालेजों में जो शासन से मदद हो सकती है उसे कराएं और हर हाल में सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। वहीं सभी उपजिलाधिकारियों से यह भी रिपोर्ट मांगी गई है कि कहां सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं उनकी भी जानकारी दें।