फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। मानकों को ताक पर रख कर अवैध रूप से घनी बस्ती में वर्षों से चल रहे अवैध रिफिलिंग कारोबार का क्राइम ब्रांच और पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने छापामार कार्रवाई में ं 13 भरे और दो खाली गैस सिलेंडर, गैस रिफलिंग करने का सामान बरामद किया है।
मोहल्ला शंभूनगर में अवैध रूप से कई वर्षों से गैस रिफलिंग का काम चल रहा था। यहां घरेलू रसोई गैस सिलेंडर से ऑटो रिक्शा और छोटे सिलेंडर में गैस की रिफिलिंग होती थी। सूचना पर एसएसपी ने क्राइम ब्रांच प्रभारी नीरज मिश्रा को कार्रवाई के निर्देश दिए थेे। रविवार सायं चार बजे के करीब क्राइम ब्रांच प्रभारी टीम और एसओ ऊदल सिंह के नेतृत्व में छापेमार कार्रवाई हुई।
पुलिस ने मौके से 15 रसोई गैस सिलेंडर और गैस रिफलिंग करने के उपकरण बरामद किए हैं। एसएसआई दीपक चंद्र दीक्षित ने बताया शंभूनगर निवासी जितेंद्र जैन के यहां अवैध रूप से रिफलिंग का काम चलता मिला। आरोपी के खिलाफ अवैध रूप से गैस रिफलिंग और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।