फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोट की ताकत से हटेगी भाजपा सरकार-अखिलेश यादव

विज्ञापन
अखिलेश यादव
विज्ञापन
फिरोजाबाद/एका। एका के गांव फरीदा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जसराना के पूर्व विधायक बलवीर सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल फूंकते हुए सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और भाजपा सरकार को आडे़ हाथों लिया।
विज्ञापन


फरीदा गांव में अखिलेश यादव ने सबसे पहले पूर्व विधायक बलवीर सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि बलवीर सिंह चार बार विधायक रहे। नेताजी ने मुझसे उनका परिचय कराया था। पूर्व विधायक के पुत्र सपा नेता शिवप्रताप यादव ने परिवार के साथ अखिलेश यादव का स्वागत किया। जनसभा में नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। सवाल उछाला बताओ नोटबंदी से देश को क्या लाभ हुआ।

वह तो पहले ही कहते थे नोट काला या सफेद नहीं होता, लेनदेन काला और सफेद होता है। क्या कालाधन वापस आया। बोले आठ महीने में ही भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता इतना तंग हो गई है कि कह रही है कब चुनाव हो और हम सरकार को हटाएं। अखिलेश ने कहा कि यह सरकार वोट से आई है और वोट की ताकत से हटेगी। इसलिए 2019 के लिए तैयार रहें। जीएसटी को लेकर पूरे देश में गुस्सा है। यही कारण है कि गुजरात चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा नेताओं को बार-बार जाना पड़ रहा है और बार-बार जीएसटी के प्रावधानों में संशोधन करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


कुशवाह, सविता, लोधे और निषाद समाज के लोग हमसे कहते हैं कि भाजपा सरकार में आरक्षण का मामला गड़बड़ हो रहा है। जिन्हें मुख्यमंत्री बनाने की बात चल रही थी उन्हें उप मुख्यमंत्री बना दिया। कहा, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सरकार ने बारीकी से जांच कराई क्या निकला। सबसे मजबूत एक्सप्रेसवे है। सरकार ने समाजवादी पेंशन बंद करके गरीबों का हक छीना और अब डायल 100 को बंद करने की साजिश चल रही है। जनसभा की अध्यक्षता सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने की और संचालन डा. सलिल वर्मा ने किया।

सांसद अक्षय यादव ने सपा की उपलब्धियां गिनाईं। मंच पर विधायक हरिओम यादव, एमएलसी डा. दिलीप यादव, सपा जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव, एमएमलसी असीम यादव, एमएलसी अरविंद्र यादव, वरिष्ठ नेता विजय आर्या, विजय प्रताप छोटू, संजय यादव, गुड्डू यादव, राजू यादव, मनोज यादव, डा.सुकेश यादव, रमेश चंद्र चंचल, अंशुल विक्रम सिंह, रिषभ कुमार, योगेंद्र यादव, प्रबल प्रताप सिंह यादव, वीरेंद्र सिंह यादव, डा. रामपाल सिंह मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गेरुआं वस्त्रों पर अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि बाबाजी ऐेसे रंग के कपड़े पहनते हैं कि दूर से ही दिख जाते हैं। 60-65 की उम्र में हम भी पहन लेंगे। भाजपा रंग की राजनीति कर रही है। रंग बदलने से खुशहाली नहीं आएगी, लेकिन खुशहाली लाओगे तो गरीबों के चेहरे के रंग जरूर बदल जाएंगे। हम तो तुलसी भी पूजते हैं और पीपल भी। हमें भगवान कृष्ण की मूर्ति लगाने की बात कही तो भाजपा को बुरा लगने लगा। हम सड़क बनवा सकते हैं और मेट्रो चलवा सकते हैं।

अखिलेश यादव ने जब यह कहा कि भाजपा हमें बैकवर्ड कहती हैं, लेकिन हम तो फारवर्ड हैं। हमने एक्सप्रेस वे, डायल 100 और देश की सबसे तेज मेट्रो यूपी को दी..तो काफी देर तक तालियां बजती रहीं। जबकि बीजेपी सोच और काम के मामले में बैकवर्र्ड है। एक करोड़ नौकरी देने का वादा अब तक अधूरा है। शिक्षामित्र और पुलिस भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि हमने जो नौकरियां दी वे भाजपा सरकार ने छीन लीं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा के तमाम मंत्री हाथ में झाडू, चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहने निकल आते हैं। हाथों में झाडू मत थामो सफाई के लिए व्यवस्था दो..।

एका। अखिलेश ने कहा इस चुनाव में जीत का संदेश दूर तक जाएगा। सपा के पूर्व प्रदेश सचिव राजनरायन गुप्ता की ओर इशारा करते हुए कहा कि हमारी पार्टी पर व्यापारी विरोधी होने का आरोप लगता है लेकिन हमने यहां से व्यापारी वर्ग को टिकट दी। नगर निगम प्रत्याशी सावित्री देवी गुप्ता, नगर पंचायत जसराना के प्रत्याशी अंशुल विक्रम सिंह, शिकोहाबाद से मुमताज बाहिद, सिरसागंज से सुनील कुमार, फरिहा से अब्दुल हई, टूंडला से राजकुमारी और एका से नथोदेवी को जिताने की अपील की।

जसराना। सपा प्रत्याशी अंशुल विक्रम सिंह ने फरीदा जा रहे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वागत एवं सम्मान समारोह के लिए मंच तैयार कराया। चुनाव आचार संहिता के चलते पूर्व मुख्यमंत्री मंच तक तो नहीं गए लेकिन कुछ देर रुककर कार्यकर्ताओं से चुनाव में जुटने का आह्वान किया। रामरक्षपाल सिंह यादव, डा. अखिल सिंह यादव, सुग्रीव सिंह यादव, डा. दिलीप यादव, जमालउद्दीन कुरैशी, हनीफ खाकसार, आर्दश यादव धन्नू, राजकुमार राठौर, प्रदीप यादव, राघवेंद्र नागर, केके चौहान आदि लोग मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें