मथुरा। जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा कुल 32 केंद्रोें पर कराई जाएगी। इसमें कुल 19 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी चार्ट तैयार किया जा रहा है। प्रशासन स्तर पर नकल विहीन परीक्षा के लिए मजिस्ट्रेट पुलिस बल की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। 15 अक्तूबर को ये परीक्षा दो पालियों में होनी है। प्रथम पाली में प्रात: दस बजे प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। इसके लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में आठ हजार अभ्यर्थी बैठेेंगे। जबकि दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। ये पाली दोपहर ढाई बजे से सायं पांच बजे तक की होगी। इसमें 20 परीक्षा केंद्रों पर 11 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार दुबे ने बताया परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इस परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की ड्यूटी भी लगाई जानी है इसके लिए जल्द ही जिलाधिकारी स्तर से अंतिम रूप दिया जाएगा।
बीएड, बीटीसी के मूल प्रमाण से मिलेगा प्रवेश
मथुरा। बीएड या बीटीसी के किसी भी अंकपत्र या प्रमाण पत्र की मूल प्रति दिखाने पर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिल सकेगी। यदि मूल कापी नहीं है तो इंटरनेट की प्रति को संस्था से मान्य करवाना अनिवार्य होगा।
सर्वर डाउन, एडमिट कार्ड नहीं हो रहे डाउनलोड
मथुरा। बेसिक शिक्षा विभाग की साइट का सर्वर डाउन होने के चलते एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो रहे हैं। शिक्षक पात्रता परीक्षा में मात्र सात दिन शेष रह गए हैं, लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड न होने से अभ्यर्थियों में बेचैनी है। मथुरा में 19 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग ले रहे हैं।