फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। प्रेमी को प्रेमिका ने मिलने के लिए मैनपुरी चौराहे पर बुलाया। दोनों चौराहे से कुछ दूर स्थित एक गेस्ट हाउस के पास आपस में मिल रहे थे। तभी महिला का पति पहुंच गया।
पति को देख महिला ने पलटा मारा और युवक पर मोबाइल तथा रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी। हाईवे से निकल रहे सीओ की नजर जब भीड़ पर पड़ी तो वह दोनों को गाड़ी में बैठाकर थाने लाए।
मामला थाना क्षेत्र के मैनपुरी चौराहा के पास स्थित एक गेस्ट हाउस के सामने का है। एक महिला और एक युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान महिला का पति वहां पहुंच गया।
जैसे ही महिला की नजर पति पर पड़ी, उसने पलटा मारते हुए प्रेमी पर रुपये और मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क पर महिला द्वारा युवक को पीटता देख, वहां भीड़ एकत्रित हो गई।
इस दौरान उधर से निकल रहे सीओ संजय वर्मा ने हंगामा और मारपीट होती देख गाड़ी रुकवा ली और झगड़ा कर रहे महिला और युवक को गाड़ी में बैठाकर थाने ले आए। आरोपी युवक अलीगढ़ का रहने वाला बताया जाता है। इस संबंध में सीओ ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।