अमर उजाला ब्यूरो
एटा। रास्ते के विवाद में थाने से शिकायत करके घर लौट रहे पति पत्नी पर दबंगो ने फायरिंग कर दी। इससे पति ललित उर्फ लालता प्रसाद की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव कपरेटा में ललित उर्फ लालता प्रसाद (45) की गांव के ही रॉबी पुत्र सूबेदार आदि से रास्ते के विवाद को लेकर रंजिश चल रही थी। आरोप है उसी को लेकर ललित की मां को विपक्ष के लोगो ने वाहन से टक्कर मार दी थी। इसकी शिकायत करने के लिए ललित अपनी पत्नी विमलेश के साथ थाना पिलुआ गया था।
शिकायत करने के बाद दंपति घर लौट रहा था। उसी समय रास्तें आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर फायरिंग शुरु कर दी। अचानक हुई फायरिंग की चपेट में आकर ललित और उसकी पत्नी विमलेश घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आ रही थी। उसी समय ललित ने दम तोड़ दिया। जबकि उसकी पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी पिलुआ ने बताया कि गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। आरोपी पक्ष के लोग एक कार छोड़ कर भागे है। जिसे हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दो पक्षों के बीच मारपीट
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के जिला पंचायत गेट पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। अचानक चले जूते चप्पल देख मौके पर राहगीराें की भीड़ जुट गई। उसी समय जानकारी पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस मामले जांच कर रही है।