एटा। शीतलपुर के बाद अब अलीगंज, अवागढ़, जलेसर और मारहरा ब्लाक में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी है। खंड शिक्षा अधिकारियों ने इन्हें नोटिस जारी कर तत्काल स्कूल बंद करने की चेतावनी दी है। बताते चलें कि बेसिक शिक्षा विभाग के सर्वे में अलीगंज में 46, मारहरा के 19 एवं अवागढ़-जलेसर ब्लॉक के 44 स्कूल बिना मान्यता के संचालित मिले हैं।
वर्षों से संचालित बिना मान्यता के स्कूलों का खेल अब बिगड़ता नजर आ रहा है। न्याय पंचायत समन्वयकों के सर्वे में चिन्हित बिना मान्यता वाले स्कूल विभाग के राडार पर हैं। पांच विकास खंडों में बिना मान्यता के चिन्हित हुए 146 स्कूलों को नोटिस जारी कर तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी यदि स्कूल संचालक नहीं चेते उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी जारी की गई है।
बिना मान्यता के स्कूलों पर शिकंजा कस गया है। पांच विकास खंडों के 146 बिना मान्यता के स्कूलों को बंद करने का नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद भी संचालित मिलने पर इनके विरुद्ध थानों में प्राथमिकी दर्ज करा पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
एसके तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी