त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कार्यों की समीक्षा करते राज्य निर्वाचन आयोग विभागाध्यक्ष डॉ अखिलेश मिश
आगरा। एक तरफ नौ विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर प्रक्रिया चल रही है। दूसरी तरफ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 900 से अधिक गांव में 3.84 लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाता हैं। इनकी पहचान नाम, पता, पिता का नाम और लिंग के आधार पर दुबारा की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के विभागाध्यक्ष एवं विशेष कार्याधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को सर्किट हाउस में पंचायत चुनाव संबंधी कार्यों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम अरविंद बंगारी को पंचायत स्तर पर एक-एक डुप्लीकेट मतदाताओं को चिह्नित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सूची, विधानसभा चुनाव से अलग है।
ऐसे में आयोग की प्राथमिकता है कि पंचायत की सूचियों को भी शुद्ध बनाया जाए। इसके लिए 3.84 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं को चिह्नित करने, सत्यापन कराने और ऑनलाइन आवेदन प्राप्त आवेदनों की जांच कराने के निर्देश दिए। ई-बीएलओ एप के माध्यम से सभी कार्य पूर्ण कराने के लिए कहा गया है। आगरा के अलावा मंडल में मथुरा में 2.31 लाख, फिरोजाबाद में 2.19 लाख, मैनपुरी में 1.89 लाख मतदाता डुप्लीकेट हैं।
बैठक में ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों पर एसडीएम व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) को सत्यापन के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए 1502 बीएलओ और 163 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए। बैठक में डीएम फिरोजाबाद रमेश रंजन भी मौजूद रहे।