आगरा। मास्टर कप सीजन-3 का आगाज शनिवार को मघटई स्थित अवंतीबाई लोधी क्रिकेट स्टेडियम में शानदार अंदाज में हुआ। उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित किया।
आयोजक आशु यादव ने बताया कि पहला मुकाबला द एडवोकेट क्रिकेट क्लब और तनश वॉरियर्स के बीच हुआ। टॉस जीतकर द एडवोकेट क्रिकेट क्लब के कप्तान सौरभ गौतम ने पहले बल्लेबाजी की। राकेश चाहर ने 150 रन बनाए। विजय चौहान ने 77 रनों का योगदान दिया। टीम ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 275 रन बनाए। जवाब में तनश वॉरियर्स की टीम 7 विकेट पर 227 रन ही बना सकी। अमित यादव ने 95 रन और संतोष शर्मा ने 40 रन की उपयोगी पारी खेली। द एडवोकेट क्रिकेट क्लब के उमेश कश्यप और पंकज उपाध्याय ने 2-2 विकेट चटकाए। राकेश चाहर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, दूसरे मैच में रॉयल हायसन और फ्रेंड्स इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। फ्रेंड्स इलेवन के कप्तान विशी गुप्ता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। रॉयल हायसन टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट पर 194 रन बनाए। जावेद शमीम ने 52 रन जबकि अनूप भटनागर ने 42 रन की पारी खेली। फ्रेंड्स इलेवन की शुरुआत दमदार रही। जुगल शर्मा ने 61 रन और विनय ठाकुर ने 44 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। चंदू पाटिल ने अंतिम गेंद पर छक्का जड़कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। जुगल शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि विनीत जादौन ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। एसएम दुबे, शिवेंद्र यादव भी मौजूद रहे।