यमुना में सीवर और औद्योगिक रसायनों का कचरा छोड़ रहे शहर के 43 नालों को टैप किया जाएगा। एनजीटी के आदेश के बाद नमामि गंगे योजना के तहत नालों की टैपिंग पर 127 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए 5 नए और तीन पंपिंग स्टेशनों को अपग्रेड करने के साथ करीब 36 किलोमीटर लंबी सीवर लाइनें बिछाई जाएंगी, जो नालों का पानी पंपिंग स्टेशन लेकर आएंगी। इसके लिए अगले माह से बल्केश्वर, भैरों नाला, वाटरवर्क्स, मनोहरपुर, नरायच, एत्माद्दौला और प्रकाश नगर में सीवर लाइनों को बिछाने के लिए खुदाई शुरू की जाएगी।
पर्यावरणविद डॉ. संजय कुलश्रेष्ठ की याचिका के बाद नमामि गंगे योजना के तहत नालों की टैपिंग को मंजूरी दी गई थी। इस पर अब काम शुरू होना है। जलनिगम की शहरी इकाई को 127 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत 36 किलोमीटरलंबी लाइनें बिछाकर सभी 43 नालों को टैप किया जाना है। बल्केश्वर, भैरों नाला, वाटरवर्क्स, मनोहरपुर, नरायच, एत्माद्दौला और प्रकाश नगर तक 15.53 किलोमीटरलंबी राइजिंग मेन बिछाई जानी है।
लगभग 21.11 किलोमीटर सीवर लाइन बिछेगी। इन लाइनों के जरिये राधा नगर, सेक्सरिया नाला, बेलनगंज पुलिस चौकी नाला, बेलनगंज काली माता मंदिर नाला, न्यू राधा नगर नाला, आंबेडकर पार्क नाला, खैराती टोला नाला, गोकुल नगर, गणेश नगर, रामबाग, कटरा वजीर खां, चीनी का रोजा, दयानंद आश्रम, कछपुरा, प्रकाश नगर, नर्सरी मंदिर नाले को डायवर्ट और टैप कर पंपिंग स्टेशनों तक ले जाया जाएगा।
पांच नए पंपिंग स्टेशनों का होगा निर्माण
यमुना में नालों के जरिए प्रदूषण न पहुंचे, इसलिए 43 नालों की टैपिंग के साथ पांच नए पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे। भैरों घाट पर 15.37 एमएलडी, वाटरवर्क्स पर 6.23 एमएलडी, मनोहरपुर में 11.14 एमएलडी, नरायच में 9.68 एमएलडी, कछपुरा में 5.49 एमएलडी के नए पंपिंग स्टेशन बनेंगे। इसके अलावा महताब बाग में 2.07 एमएलडी, बल्केश्वर में 2.30 एमएलडी और एत्माद्दौला में 9.94 एमएलडी क्षमता के पंपिंग स्टेशन अपग्रेड किए जाएंगे। इन सभी पंपिंग स्टेशनों से खैराती टोला तक सीवेज ले जाया जाएगा। यहां से यह धांधूपुरा के 100 एमएलडी एसटीपी पर पहुंचेगा।
सितंबर में लाइनों के लिए होगी खुदाई, बढ़ेगी परेशानी
शहर में 12 किलोमीटर लंबी सड़कें सीएम ग्रिड के लिए, 30 किलोमीटर लंबी सड़कें मेट्रो के काम के दौरान खोदी गई हैं। इसके अलावा सड़कों पर गड्ढों से लोग परेशान हैं। रक्षाबंधन के बाद बल्केश्वर, मनोहरपुर, वाटरवर्क्स, नरायच, कछपुरा, महताब बाग, एत्माद्दौला में सीवर खुदाई के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
जलनिगम के प्रोजेक्ट मैनेजर मोहित वर्मा ने बताया कि नालों की टैपिंग का काम रक्षाबंधन के बाद शुरू कर दिया जाएगा। सीवर लाइन डालने के साथ पंपिंग स्टेशनों का निर्माण भी शुरू किया जाएगा। बारिश के कारण खुदाई का काम नहीं किया है। - , ,