फतेहपुर सीकरी। क्षेत्र में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने एक युवक को टीटीई बनवाने का झांसा देकर 3.36 लाख रुपये ऐंठ लिए। उसे फर्जी जॉइनिंग लेटर थमाकर पटना के होटल में बंधक बनाकर रखा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्हारा निवासी पीड़ित पंकज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह आर्थिक तंगी के चलते नौकरी की तलाश में था। इसी दौरान उसकी मुलाकात श्यामनगर डौकी (कुंडौल) निवासी जीतेंद्र उर्फ जीतू और समागा निवासी अमित से हुई। इन दोनों ने संजय नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उसे रेलवे में पक्की नौकरी का लालच दिया। आरोपियों ने उसे झांसे में लेकर 1 लाख रुपये नकद और 2 लाख 36 हजार रुपये फोन-पे (यूपीआई) के माध्यम से अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित पंकज की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जीतेंद्र, अमित और संजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फोन-पे के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड को साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पटना के होटल में रची गई साजिश
रुपये ऐंठने के बाद जालसाजों ने पीड़ित को एक फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा दिया। यही नहीं, आरोपियों ने उसे बिहार के पटना स्थित एक होटल में चार दिनों तक रोककर रखा, ताकि उसे ठगी का शक न हो। जब पंकज को असलियत का पता चला और उसने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।