जगनेर(आगरा)। सिगायच गांव में रविवार की रात किसी जंगली जानवर के हमले में 32 भेड़ें मर गईं। 14 गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना से गांव के पशुपालकों में दहशत है। भेड़ मालिक रनवीर ने बताया प्रतिदिन की तरह जाल में भेड़ बंद की थीं। इसके बाद वह एक बरात में शामिल होने चले गए थे। रात के समय किसी जंगली जानवर ने हमला कर दिया। सोमवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो भेड़ें मरी मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया पशु एंबुलेंस की मदद से भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं घायल 14 भेड़ों का उपचार किया जा रहा है। वहीं डीएफओ आगरा राजेश कुमार ने घटना की जानकारी से इन्कार किया। कहा कि जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद