मथुरा जनपद की कोसीकलां नगर पालिका की ओर से पिछले 45 दिन के भीतर करीब 32 लोगों के डेथ सर्टिफिकेट (मृत्यु प्रमाणपत्र) जारी किए जा चुके हैं। पालिका में अभी और भी आवेदन आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक मरने वालों की कोई गणना नहीं हुई है। आंकड़ों के मुताबिक नगर और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर अब तक करीब 100 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना महामारी से लोग दहशत में हैं। अगर पालिका के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो चौंकाने वाले हैं। इन आंकड़ों में सरकारी अस्पतालों द्वारा जारी प्रमाणपत्रों की संख्या शामिल नहीं है। कोरोना काल के पिछले 45 दिनों में नगर पालिका अब तक 32 मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर चुकी है।
एक अप्रैल से 15 मई तक लगभग 48 आवेदन मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए जमा हुए हैं। जिसके सापेक्ष अब तक कुल 32 से ज्यादा मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र कार्यालय के सूत्रों का कहना है कि एक माह में इतने आवेदन पहले कभी नहीं आए। अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा दुबे का कहना है कि नगर पालिका के पास जन्म से ज्यादा मृत्यु प्रमाणपत्र लेने को फार्म जमा हो रहे हैं।
सरकारी रिकॉर्ड में मात्र छह लोगों की मौत
सीएचसी प्रभारी डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह का कहना है कि केंद्र पर प्रतिदिन 40 से लेकर 50 लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। पिछले एक सप्ताह से पॉजिटिव केस में कमी आई है। पिछले दो महीने में नगर क्षेत्र के कोविड वार्ड में भर्ती आधा दर्जन लोगों की कोरोना से मौत हुई है।