वृंदावन (मथुरा)। गोविंदेव मंदिर क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करने वाली एक किशोरी का पिता ही उसका दुश्मन बन बैठा। आरोप है कि पिता अपनी पुत्री को बेचने की फिराक में था लेकिन क्षेत्रवासियों की सहायता से किशोरी को बचा लिया गया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित किशोरी गोविंदेवजी मंदिर क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करती है। उनके साथ उसके पिता और चार बहनें भी भिक्षावृत्ति करती हैं। आरोप है कि पीड़िता का पिता उनसे भिक्षावृत्ति कराके पूरी कमाई को नशे में उड़ा देता है। शराब के लिए आरोपी पिता ने उसकी बड़ी बहन को पानीघाट निवासी एक व्यक्ति को बेच दिया था।
बुधवार को पीड़िता को भी बेचने जा रहा था लेकिन पीड़िता के शोर मचाने पर क्षेत्रवासियों ने उसे बचा लिया। बाद में क्षेत्रवासियों ने कनकधारा फाउंडेशन की अध्यक्षा डा. लक्ष्मी गौतम को फोन पर सूचना दी। जिसके बाद पुलिस की सहायता से आरोपी पिता को पकड़ लिया गया। किशोरी को अपना घर आश्रय सदन भेजा गया है। डा. लक्ष्मी गौतम के अनुसार इसकी शिकायत उत्तर प्रदेश बाल कल्याण विभाग से की है।