मथुरा । छत्ता बाजार अंदर गली सेठ भीक चंद में जमीन धंसने से कई मकानों में दरार आ गई है। परेशान लोगों ने मुख्यमंत्री से लेकर नगर निगम तक शिकायत कर ली लेकिन कोई हल नहीं निकला। सोमवार को प्रभावित लोगों ने पुन: निगम के अधिकारियों को सूचित कर समस्या के निस्तारण की मांग की।
गली सेठ भीक चंद में बांके बिहारी आदि के मकान के नीचे की जमीन धंस गई है। जमीन के धंसने से लोगों के मकान दरकने लगे। परेशान लोगों ने निगम के अधिकारियों को सूचना दी लेकिन कोई हल नहीं निकला। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री तक इसकी शिकायत कर दी परंतु निगम ने इसे लापरवाही से लिया।
इसके चलते बांके बिहारी माहेश्वरी ,सुभाष चंद ,अनिल चतुर्वेदी , ब्रह्मानंद ,मंदिर गोवर्धन नाथ अग्रवाल पूजा वस्तु भंडार आदि में दरार आ गई। स्थानीय निवासी अनिल चतुर्वेदी ने बताया कि संभवतया यह जमीन पुरानी पाइप लाइन तथा सीवर लाइन में हुई लीकेज के कारण धंसी है। ब्रहानंद ने बताया कि सोमवार को निगम के अधिकारियों को सूचना दी गई पंरतु समस्या के लिए कोई उपाय नहीं हो सका।
पूर्व में इसकी सूचना डीएम को भी भेजी जा चुकी है लेकिन नगर निगम के अधिकारियों द्वारा कोई सुधि नहीं ली गई। संयुक्त नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित जलकल के इंजीनियरों को इसकी सूचना दी गई है। उनके द्वारा जांच की जाएगी कि जमीन धंसने का कारण क्या है।