मथुरा। मुल्क में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ के साथ शनिवार को शाही ईदगाह में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद यहां सभी ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। नमाजियों के लिए आसपास के रास्तों का ट्रैफिक भी रोक दिया गया।
मथुरा में शाही ईदगाह पर ईद की नमाज का वक्त 8:45 का था लेकिन नमाजियों के पहुंचने का सिलसिला सुबह को सात बजे से ही शुरू हो गया था। डीगगेट से दरेसी रोड़ तक और मंडी रामदास की तरफ तक सफें बिछ गईं थीं। नमाज इमाम साजिदुल कादरी ने अदा कराई।
इस दौरान मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई। बीमार लोगों की सेहत के लिए दुआ हुई। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद पेश की। वहीं सदर बाजार, भूतेश्वर की बाग काजियान और गणेश टीले के पास हयात नगर की मस्जिद समेत सभी मस्जिदों में भी ईद की नमाज हुई। पुलिस और प्रशासन के अफसर भी मौजूद रहे।
अब्बू की उंगली पकड़कर पहुंचे नन्हें नमाजी
मथुरा। ईद पर बड़ों से ज्यादा उत्साह बच्चों में था। नन्हें नमाजी भी अपने अब्बू की उंगली पकड़कर ईदगाह पहुंचे। नमाज के बाद इन बच्चों ने एक दूसरे को मुबारकबाद पेश की। नए कपड़े पहनकर पहुंचे बच्चे ईद को लेकर भारी उत्साह में थे। नमाज होने के बाद सभी अपने घरों पहुंचे और त्योहार मनाया। शाम को अपने परिवार वालों के साथ ईद मिलने के लिए भी गए।