महिलाओं के आत्मदाह की सूचना पर चेता प्रशासन
- फोटो : अमर उजाला
एटा। जैथरा ब्लॉक के गांव सरौंठ पछाया में शौचालय निर्माण नहीं होने पर महिलाओं की आत्मदाह की चेतावनी के बाद प्रशासन चेता। शनिवार को सुबह ही स्वच्छ भारत मिशन की टीम के साथ तमाम कर्मचारियों ने गांव में डेरा डाल दिया। इस दौरान महिलाओं को योजना के बारे में बताते हुए शौचालयों का निर्माण शुरू कराया गया।
दरअसल, जैथरा ब्लॉक के गांव सरौंठ पछाया की 21 महिलाओं ने गांव में शौचालयों का निर्माण नहीं होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर 30 अप्रैल को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को सुबह स्वच्छ भारत मिशन की टीम गांव पहुंची। इस दौरान जिला स्वच्छ भारत प्रेरक मोहम्मद आदिल, गोविंद, एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार, ग्राम पंचायत सचिव अवधेश और खंड प्रेरक अमित कुमार ने गांव में महिलाओं से बात की। उन्होंने महिलाओं को योजना से रूबरू कराया। साथ ही महिलाओं को शौचालय निर्माण के प्रति प्रेरित किया। जिस पर तमाम परिवारों ने शौचालयों के निर्माण का काम शुरू कर दिया। बताया जाता है कि महिलाओं को खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। आत्मदाह की चेतावनी के बाद विभाग को गांव की सुध आई।
बच्चों को बांटी बोतलें: फोटो
एटा। जिले के पुलिस लाइन स्थित मॉडल स्कूल में शनिवार को विद्यार्थियों को बोतलों का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों के चेहरे खिले नजर आए। प्रधानाध्यापिका पूजा गुप्ता ने बताया कि बोतलें नहीं होने से बच्चों को पीने के पानी के लिए असुविधा का सामना करना पड़ता था। इससे दिक्कत कम होगी। इस मौके पर नीता सिंह समेत तमाम अध्यापक मौजूद रहे।