नगर के एक रेडीमेड कारोबारी के यहां गुरुवार को आयकर विभाग की टीमों ने सर्वे की कार्रवाई की। व्यापारी के स्टॉक, वही खातों आदि की जांच पड़ताल देर रात्रि तक जारी थी। शहर में पड़े छापे की कार्रवाई से कारोबारियों में खलबली मची हुई है। तमाम लोग एकत्रित होकर कार्रवाई की जानकारी करने पहुंचे, लेकिन पुलिस और पीएसी ने भीड़ एकत्रित नहीं होने दी।
सर्वे की कार्रवाई रेडीमेड कपड़ों के शोरूम केला एंपोरियम पर हुई। गोपनीय तरीके से हाथरस, एटा जनपद के आयकर अधिकारियों की टीम के साथ कासगंज के आयकर अधिकारियों व इंस्पेक्टर की टीम पुलिस और पीएसी के साथ दोपहर करीब 12 बजे पहुंची। अधिकारियों ने तत्काल ही दुकान में प्रवेश किया। बाजार में दलबल के साथ पहुंचे आयकर अधिकारियों की गाड़ियों के काफिले और अधिकारियों को देखकर व्यापारियों में खलबली मच गई। कुछ देर तक तो बाजार में अफरा तफरी से बनी। कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकान के शटर गिरा लिए।
रेडीमेड कारोबारी का शोरूम तीन मंजिला है। प्रत्येक मंजिल पर एक-एक टीम को लगाया गया। टीम ने पूरे स्टॉक का विवरण तैयार किया। शोरूम के कैश काउंटर में छापे से पूर्व हुई बिक्री की 25 हजार की नकदी भी कब्जे में ले ली। दुकान के अभिलेख, बिल बाउचर भी कब्जे में लिए गए। देर रात्रि तक स्टॉक के सत्यापन का कार्य चलता रहा। वहीं आयकर अधिकारियों ने प्रतिष्ठान के स्वामी राम केला से स्टॉक, प्रोपर्टी, बैंक खातों, नकदी आदि के बारे में पूछताछ करते हुए बयान दर्ज किए। बयान दर्ज करने की कार्रवाई देर रात्रि तक जारी रही।
छापा टीम में कासगंज के आयकर अधिकारी अजयपाल सिंह, बलवीर सिंह, इंस्पेक्टर अंकित तिवारी, आयकर अधिकारी हाथरस अतुल चतुर्वेदी एवं आयकर इंस्पेक्टर रंजन सैनी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त एटा आयकर अधिकारी आशीष सक्सेना एवं आयकर इंस्पेक्टर शशी प्रभाकर, अनिल सिंह एवं लवकुमार मानवी सहित अन्य लिपकीय वर्ग के कर्मी भी मौजूद रहे।
टीम में कासगंज के आयकर अधिकारी अजयपाल सिंह, बलवीर सिंह, इंस्पेक्टर अंकित तिवारी, आयकर अधिकारी हाथरस अतुल चतुर्वेदी एवं आयकर इंस्पेक्टर रंजन सैनी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त एटा आयकर अधिकारी आशीष सक्सेना एवं आयकर इंस्पेक्टर शशी प्रभाकर, अनिल सिंह एवं लवकुमार मानवी मौजूद रहे। आयकर इंस्पेक्टर अंकित तिवारी ने बताया कि प्रतिष्ठान पर सर्वे की कार्रवाई की गई है। जो भी दस्तावेज और लेखा पुस्तकों का विवरण प्राप्त किया है। उसकी जांच पड़ताल की जाएगी। कारोबारी के द्वारा कोई भी आय घोषित नहीं की गई है।
दुकान के कर्मियों से भी टीम ने की पूछताछ
कासगंज। आयकर के छापे के दौरान आयकर की टीमों ने दुकान के कर्मचारियों से भी कड़ी पूछताछ की। कौन क्या करता है, पैसे का लेनदेन किसके हवाले है, कितना वेतन भिमलता है। इसी तरह कई बिंदुओं पर पूछताछ होती रही।
नमाज पढ़ने गए कर्मी के साथ भेजा पुलिसकर्मी
कासगंज। आयकर के छापे के दौरान टीम का रूख काफी सख्त था। टीम ने सर्वे के दौरान नमाज पढ़ने के लिए जाने वाले दुकान के दो कर्मियों को जाने से रोक दिया। इन दोनों कर्मियों के साथ पुलिसकर्मी को भेजा और वापस आने की भी हिदायत दी।
कपड़ों पर लगे रेट के टैग के बारे में की पूछताछ
कासगंज। कपड़ों के ऊपर विभिन्न रेटों के टैग लगे हुए थे। यह टैग दुकानदार के अपने कोडवर्ड में थे। रेटों के बारे में जानकारी करने के लिए रेडीमेड कारोबारी के पुत्र से टीम ने जानकारी की। पुत्र रेटों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया। इसके बाद टीम ने अन्य कर्मियों से इसके संबंध में जानकारी की।