एटा। धर्म परिवर्तन कराकर एक युवक ने युवती का एक साल तक यौन शोषण किया। जब युवती ने शादी करने के लिए कहा तो आरोपी ने मारपीट कर भगा दिया। इसकी शिकायत युवती ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ दर्ज कराई है।
शहर के नगला पोता निवासी एक युवती ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसे शहर के मारहरा दरवाजा निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन करा दिया। इसके बाद आरोपी उसका एक साल तक यौन शोषण करता रहा। इतना ही नहीं आरोपी उसका तीन बार गर्भपात भी करा चुका है। इसके बाद जब लड़की ने शादी करने को कहा तो आरोपी ने मना करते हुए मारपीट कर उसे भगा दिया।
साथ ही पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि मामले की शिकायत करने जब पीड़िता कोतवाली नगर गई तो वहां तैनात मुंशियों ने उसे भगा दिया। पीड़िता ने अब शिकायत पुलिस अधिकारियों को दर्ज कराई है। वहीं दूसरी तरफ युवती के साथ हुई इस तरह की घटना सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।