एटा। उप्र अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नायक शनिवार को एटा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निरीक्षण भवन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही अधिकारियों को तमाम निर्देश दिए।
आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नायक ने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों की समस्याओं का समय से समाधान किया जाए। जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहे। उन्होंने बीमार और जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराने, पट्टाधारकों को कब्जा दिलाने और ग्राम समाज की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखते हुए अपराधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही।
उन्होंने जिले में अनुसूचित जाति/जनजाति के लोगों के उत्पीड़न के 102 प्रस्तावों पर नियमानुसार आर्थिक मदद स्वीकृत करने, राशन की दुकान आवंटन में आरक्षण की प्रक्रिया करने के निर्देश दिए। सीडीओ उग्रसेन पांडेय, एसडीएम ब्रजेश कुमार, सीओ सिटी वरुण कुमार ने कानून और शांति व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी दी। बैठक में जिला सूचना अधिकारी यतीश चंद्र गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार, डीएसओ उमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।