मथुरा। राल ड्रेन का पानी शहर के नालों की गंदगी को समाहित करते हुए सीधे यमुना में गिर रहा है। यह स्थिति पिछले 24 घंटे से जारी है। इससे यमुना जल को स्वच्छ करने की योजना पर एक बार फिर पानी फिर गया है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की निगरानी और एनजीटी के सख्त दिशानिर्देशों के बाद भी यमुना में गंदगी गिरने से नहीं रुक रही है। पिछले 24 घंटे से सिंचाई अधिकारियों की लापरवाही के चलते राल ड्रेन का पानी सीधे यमुना में गिर रहा है। इसमें औद्योगिक क्षेत्र के नालों में भरा हुआ रसायनिक कचरा भी यमुना में समाहित हो रहा है। अचानक यमुना की यह स्थिति देख यमुना किनारे निवास करने वाले लोग विचलित हैं।
मंगलवार को प्रात: काल पूजा अर्चना के लिए यमुना के विभिन्न घाटों पर पहुंचे लोगों ने जब जूता-चप्पल सहित विभिन्न प्रकार की गंदगी घाट किनारे देखी तो दंग रह गए। इसकी जानकारी तत्काल ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी को दी गई। जानकारी के बाद पता चला कि राल ड्रेन का पानी यमुना में आ रहा है। इससे यमुना का हाल बुरा हो गया है। उन्होंने इसकी सूचना यमुना कार्य योजना के नोडल अधिकारी एडीएम वित्त रवींद्र कुमार को भी दी, लेकिन देर रात तक पानी की मात्रा में कोई कमी नहीं आई है।