एटा। सरकार और प्रशासन की उपेक्षा को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का गुस्सा फूट पड़ा। प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग के सामने आक्रोशित विद्यार्थियों ने कलक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की प्रभारी मंत्री और पुलिस ने नोक-झोंक भी हुई। काफी देर बाद विधायकों के हस्तक्षेप के बाद विद्यार्थियों का गुस्सा शांत हो सका। प्रभारी मंत्री ने डीएम को छात्रों की मांग पर समाज कल्याण अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार पर आरोप है कि ने पिछले दिनों निरीक्षण के दौरान जेएलएन कालेज के पास स्थित एससी/एसटी छात्रावास में रह रहे छात्रों से अभद्रता की थी। इसके बाद विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता अकिारी से मुलाकात करने पहुंचे, तोध उन्होंने कार्यकर्ताओं को भी डांटकर भगा दिया। इसे लेकर दो दिन पहले कार्यकर्ताओं ने एडीएम प्रशासन सतीश पाल को ज्ञापन सौंपा, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग के आने की सूचना पर कार्यकर्ता कलक्ट्रेट सभागार में चल रही प्रभारी मंत्री की बैठक में पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं को पुलिस-प्रशासन से सभागार के बाहर से हटाने और रोकने का प्रयास किया। इसमें पुलिस और कार्यकर्ताओं में तीखी नोक-झोंक भी हुई। मीटिंग खत्म होने तक कार्यकर्ता सभागार के बाहर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इसके बाद प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपने जिलाध्यक्ष और विधायकों को इस बारे में क्यों नहीं बताया? इतना सुनते ही कार्यकर्ताओं का गुस्सा फिर भड़क गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम किसी सरकार के एजेंट नहीं हैं।
प्रशासन के साथ-साथ सरकार भी उपेक्षा कर रही है। प्रभारी मंत्री कार्यकर्ताओं को निरीक्षण भवन आने का न्यौता देकर वहां से निकल गए। इसके बाद सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने कार्यकर्ताओं को समझाया और अपने साथ लेकर निरीक्षण भवन पहुंचे।
जहां प्रभारी मंत्री को विद्यार्थियों ने पूरी बात बताई। इस पर प्रभारी मंत्री ने डीएम को समाज कल्याण अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्र्देश दिए हैं। विद्यार्थी परिषद के प्रदर्शन को लेकर प्रशासन के भी हाथ पांव फूल गए। पुलिस भी कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास करती रही। इस मौके पर विभाग संयोजक युवराज रघुवंशी, कुशल खितौलिया, निखिल चौधरी, कुनाल, हैप्पी गुप्ता, सौरभ शर्मा, संतोष संत, सचिन यादव, हर्ष जादौन शैलेष मौजूद रहे।
विधायक ने जताया गुस्सा
प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अभद्रता और रोकने के प्रयास की बात जब विधायक सदर विपिन वर्मा डेविड को पता लगी, तो उन्होंने सीओ सिटी और एसओ कोतवाली नगर पर आक्रोश जताया। इस दौरान उन्होंने पुलिस को छात्रों से नम्रता से पेश आने को कहा।
कर्मचारियों ने बाहर फेंका सामान
इधर, विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। उधर, छात्रावास में कर्मचारियों ने छात्रों का सामान बाहर फेंक दिया। इस पर कार्यकर्ताओं फिर आक्रोश जताया। डीएम को सूचना मिलने के बाद पहुंचे समाज कल्याण अधिकारी ने छात्रावास पहुंचकर छात्रों को समझाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होगा। छात्र पहले की तरह छात्रावास में रहें।