मथुरा। शहर में बगैर पार्किंग और मानचित्र के संचालित हो रहे दो मैरिज होम सील कर दिए गए। यह कार्रवाई सचिव रवींद्र कुमार की हिदायत के बाद अभियंताओं के स्तर से बुधवार को अमल में लाई गई।
दो माह पहले ही शहर में बगैर पार्किंग वाले मैरिज होम चिह्नित किए गए थे, जो शादी-समारोह के दौरान शहर में जाम का बड़ा कारण बनते हैं। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और नगर निगम के स्तर से इन्हें नोटिस भी दिया गया था, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। बुधवार को सचिव के निर्देश पर मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम को मसानी क्षेत्र में मैरिज होम के रूप में संचालित कृष्णा गार्डन के संचालक ने नक्शा नहीं दिखाया। यहां निर्माण पर रोक संबंधी पहले ही नोटिस जारी हो चुका है। वर्तमान में पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं थी। इस पर टीम ने मैरिज होम को सील कर दिया।
इधर, डा. विपुल गोयल के श्रीपैलेस मसानी चौक से गोकुल रेस्टोरेंट के बीच छह कमरे भूतल और दो कमरे प्रथम तल पर बने मिले। स्वीकृत मानचित्र यहां भी नहीं दिखाया गया। पार्किंग का भी प्रबंध नहीं था। इसे भी विप्रा टीम ने सील कर दिया। सचिव रवींद्र कुमार ने बताया कि अब अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए अभियान चलेगा।