फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला पड़ताल: आगरा में 24 घंटे भरा रहा हाईवे पर पानी, जाम से दिनभर जूझे लोग

Tue, 13 Jul 2021 02:30 AM IST
आगरा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

पहली बारिश में ही ‘व्यवस्था’ के गड्ढे मुंह चिढ़ाने लगे। आगरा-दिल्ली हाईवे और ग्वालियर हाइवे पर 24 घंटे बाद भी जलभराव खत्म नहीं हुआ। दिल्ली हाईवे के चौड़ीकरण के बाद भी सिकंदरा से खंदारी और आईएसबीटी के सामने पानी भरा रहा तो वहीं ग्वालियर हाईवे पर जलभराव के कारण बने दलदल में घास उग आई।
विज्ञापन
हाईवे पर भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-आगरा हाईवे पर सिकंदरा स्मारक के सामने सोमवार को भी जलभराव बना रहा। लोदी कालीन मकबरे की दीवार से सटे हाईवे पर जलभराव हुआ। सिकंदरा में भूमिगत नाला अधूरा होने और हाईवे के लिंक नालों की सफाई नहीं होने के कारण पहली बारिश मुसीबत बनकर आई। उधर, शहर में कई सड़कों पर जलभराव रहा। 

विज्ञापन


ट्रांसपोर्ट नगर पर एक ओर की सर्विस लेन पानी में डूबी रही। ट्रांसपोर्ट नगर पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर ने लोगों की मुश्किलों में इजाफा कर दिया। यहां सोमवार सुबह 10 बजे से लेकर शाम छह बजे तक वाहन रेंगते रहे। मथुरा की ओर से आने वाले वाहन सर्विस लेन पर फंसे रहे तो कानपुर की ओर से आने वाला ट्रैफिक आईएसबीटी पर रेंगता रहा। हाइवे पर ही सुल्तानगंज फ्लाईओवर के नीचे जलभराव हो गया। यहां दूसरे दिन भी पानी भरा रहा। 

ग्वालियर हाईवे पर उग आई घास
ग्वालियर हाईवे पर रोहता से सेवला तक नाले का निर्माण शुरू न होने से पानी भरा रहा। रविवार शाम की बारिश के बाद ग्वालियर हाईवे पर दो किमी तक पानी भरा रहा। यहां हाईवे की एक लेन पर ही घास उग आई। 

विज्ञापन
Trending Videos

ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहन और शहर से इटौरा मलपुरा की ओर जाने वाले वाहनों के कारण सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक वाहन फंसे रहे। सेवला से आगे भी दो स्थानों पर सर्विस लेन पर दो फुट तक पानी भरा रहा। हाइवे अथॉरिटी ने यहां भूमिगत नाले की सफाई नहीं करवाई है। 

हाईवे पर जाम से 15 इलाकों के लोग प्रभावित
जलभराव और पुल के निर्माण के कारण आईएसबीटी पर जाम से बचने को दोपहिया वाहन चालकों ने असोपा हास्पिटल से कॉलोनियों में होकर जाने वाले रास्ते को चुना, मगर दोपहर दो बजे के बाद निर्भय नगर से गैलाना की ओर जाने वाली रोड पर भी जाम लग गया।

शीतला माता के मंदिर पर लगे मेले में उमड़ी भीड़ के कारण केंद्रीय हिंदी संस्थान से दयालबाग की ओर जाने वाले रोड पर जाम लगा। खंदारी चौराहे पर भी वाहन रेंगते रहे। इससे गैलाना, निर्भय नगर, नारायण विहार, नलकूप कॉलोनी, ककरैठा, चंदन नगर, केके नगर, विद्युत कॉलोनी, मऊ रोड, केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड, आजाद नगर, खंदारी, देव नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, सिकंदरा के लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। 
विज्ञापन

कॉलोनियों के लोग भी जलभराव से परेशान
मुगल रोड पर आवासीय कॉलोनियों के आने जाने वाले मार्गों पर जलभराव हो गया। फ्रेंड्स कॉलोनी, दयालबाग, नीतिबाग, बल्केश्वर कॉलोनी, यमुना किनारा रोड स्थित कॉलोनियों में भी बारिश का पानी भर गया। नई आबादी, मंटोला, काजीपाड़ा और बिजलीघर मार्ग पर जलभराव के कारण दुकानदार परेशान रहे। 

शिवाजी मार्केट एसोसिएशन के संरक्षक श्याम भोजवानी का कहना है कि बिजलीघर के जलभराव की समस्या का स्थायी निदान नगर निगम को निकालना चाहिए। मुगल रोड की नीलम शर्मा ने बताया कि जरा सी बारिश में कॉलोनियों के लिंक रोडों पर पानी भर गया, अगर ज्यादा बरसात हुई तो शहर में हालात बदतर हो जाएंगे। 

अधूरे नाले के कारण परेशानी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक एमके बंसल ने कहा कि हाईवे के कनेक्ट नालों की सफाई का काम किया गया था, लेकिन कुछ स्थानों पर अधूरे भूमिगत नाले और निर्माण कार्य के कारण बाधा आई है। जलभराव की समस्या को दूर कराने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें