आगरा। दयालबाग के नगला हवेली मोहल्ले में रहने वाले राजेश कुमार को उनके परिचित ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश पर मासिक कमाई का लालच दिया। इसके बाद उनसे 28.32 लाख रुपये जमा करा लिए। ठगी का पता चलने और धमकी मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर न्यू आगरा थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राजेश कुमार ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके परिचित महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड निवासी निर्मल प्रकाश अस्थाना ने उन्हें बातों में फंसाया। अपने साथी कर्नाटक के बुरादी निवासी मोहम्मद हबीब और पंजाब के संघरूर निवासी मोहम्मद युसुफ की कंपनी ग्लारबल किंगडम टेक्नोलॉजी में कर्बिट कॉइन नामक क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर हर महीने मुनाफा होने का लालच दिया। तीनों ने योजनाबद्ध तरीके से उनसे 6.56 लाख, पिता से 1.20 लाख, भाई से 5.10 लाख रुपये और उनके परिचितों से मिलाकर कुल 28.32 लाख रुपये निवेश करा लिए।
कुछ समय बाद जब उन्होंने मुनाफे की रकम मांगी तो आरोपी बहाने बनाते रहे। कई बार मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर ठाणे के काशी मीरा थाने में 1 फरवरी, 2022 को शिकायत दी गई, पुलिस ने उनके नाम भी पीड़ितों की सूची में दर्ज कर लिया। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष न्यू आगरा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।