कासगंज। यातायात पुलिस लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालकों में जागरूकता दिखाई नहीं दे रही है। मंगलवार को यातायात पुलिस ने गलत दिशा में वाहन चलाने पर 19 व बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 149 वाहनों के चालान काटे। यातायात नियमों की अनदेखी पर कुल 270 वाहनों के चालान काटे। वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया।
एडीजी जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा 15 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ताकि सड़क हादसे की घटनाओं में कमी आ सके। मंगलवार को यातायात सीओ अमित कुमार व यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने शहर के मोलगोदाम चौराहे, अमांपुर रोड, राजकोल्ड तिराहा, बिलराम गेट, बस स्टैंड पर वाहनों की चेकिंग की। ओवर स्पीड में वाहन चलाने पर 53, बाइक पर तीन सवारी बैठाकर यात्रा करने पर 49 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए। बिना हेलमेट लगाकर बाइक चलाने पर 149 व गलत दिशा में वाहन चलाने पर 19 के वाहन चालान काटे। अन्य नियमों के उल्लंघन कुल 270 वाहनों के चालान काटकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आमजन को यातायात नियमों के पालन करने के लिए जागरूक किया ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।