आईजी रेंज नवीन अरोरा ने ऑपरेशन प्रहार शुरू किया है। इसमें अपराध और अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है। 15 मई से लेकर 31 मई तक 17 दिन के अभियान में दस अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया जा चुका है, जबकि 24 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। माफियाओं की संपत्ति भी जब्त करने की कार्रवाई हो चुकी है। इसके साथ ही विवेचनाओं का निस्तारण भी किया जा रहा है।
आईजी रेंज नवीन अरोरा ने बताया कि रेंज के आगरा सहित मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में ऑपरेशन प्रहार की शुरूआत की गई है। इसका मकसद अपराधियों की गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाना है।
15 अप्रैल को प्रथम चरण के पंचायत चुनाव में आगरा और 26 अप्रैल को तृतीय चरण के मतदान के दौरान फिरोजाबाद में बवाल हुआ था। मतपेटिकाएं लूटी गई थीं। आगरा में फतेहाबाद व जगनेर क्षेत्र और फिरोजाबाद में थाना खेरगढ़ क्षेत्र में घटनाएं हुई थीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने की कार्रवाई की।
फतेहाबाद के मामले में मलखान सिंह, लायक सिंह, नेपाल सिंह, मयाराम निवासी रिहावली, जबकि जगनेर के मामले में कुंवरपाल, नेमीचंद, वीरोे निवासी नगला पलटू, जगनेर के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई। वहीं फिरोजाबाद में मतपेटिकाएं लूटने के आरोपी निक्की उर्फ प्रदीप, विकास, आकाश निवासी बरौली थाना खेरगढ़ के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई।