मैनपुरी। गर्मी के साथ ही जिले में डायरिया, पेटदर्द और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार को जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। 15 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती किया जबकि तीन को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
शनिवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 625 मरीजों को उपचार दिया गया। 15 मरीजों को बुखार, डायरिया, पेटदर्द और उल्टी-दस्त की दिक्कत होने पर भर्ती कर उपचार दिया गया। शहर के मोहल्ला नगला गहियर निवासी महेश चंद्र के 22 वर्षीय पुत्र प्रवेश कुमार को पेटदर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत पर परिजन शुक्रवार को जिला अस्पताल लाए। यहां उपचार के दौरान शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। ओपीडी में डायरिया के 22 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। फिजीशियन डॉ. जेजे राम ने जिले के लोगों से गर्मी से बचाव रखने की अपील की है। जिला अस्पताल से सांस लेने की दिक्कत के चलते तीन मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।