मथुरा। गर्मी से बच्चे बीमार होने लगे हैं। स्कूलों में बच्चे बेहोश हो रहे हैं। दो बच्चों को तो अस्पताल तक ले जाना पड़ा। बुधवार को गोवर्धन के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात की एक बच्ची और मथुरा में परिषदीय विद्यालय में एक बच्ची बेहोश हो गई।
br>
दोनों को अस्पताल ले जाना पड़ा। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की हालत गर्मी के कारण बिगड़ी है। वहीं, शहर के कई पब्लिक स्कूलों से भी बच्चों को चक्कर आने की सूचनाएं मिल रही हैं। दोपहर को स्कूली वाहनों में भी बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है।
पिछले तीन दिनों से मथुरा भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार को तो पारा 48 के भी पार पहुंच गया था। बुधवार को भी हालात ऐसे ही रहे। स्थिति यह है कि बच्चे बीमार हो रहे हैं। बुधवार को गोवर्धन के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मल्हू में कक्षा सात की छात्रा बलुबुल बेहोश होकर गिर गई। छात्रा के बेहोश होते ही स्कूल में हड़कंप मच गया। तत्काल परिवार वालों को सूचना देकर उसे अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने बताया कि गर्मी के कारण उसकी हालत बिगड़ी है।
वहीं सदर तहसील क्षेत्र में परिषदीय विद्यालय सनौरा में प्रियंका नाम की एक छात्रा बेहोश हो गई। उसे भी डाक्टरों के पास ले जाना पड़ा। उधर, सरकारी स्कूलों में तमाम बच्चे चक्कर आने की शिकायत कर रहे हैं। मथुरा के पब्लिक स्कूलों में भी बच्चे गश खाकर गिर रहे हैं। क्लासरूम में बच्चों की हालत बिगड़ रही है।
स्कूली वाहनों में भी बच्चों की तबीयत बिगड़ने की मिल रहीं सूचनाएं
मथुरा। सबसे ज्यादा दिक्कत छुट्टी के बाद स्कूल से घर लौटते वक्त खचाखच भरे वाहनों में हो रही है। बच्चे बीमार हो रहे हैं। चक्कर आने की शिकायतें घर वालों से कर रहे हैं। मंगलवार को भी एक स्कूल की बस में तीन बच्चों को चक्कर आ गए थे।
सरकारी स्कूलों में पचास फीसदी कम हुई बच्चों की संख्या
मथुरा। गर्मी के कारण जिले के सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या निरंतर कम हो रही है। कई जगह तो पचास फीसदी तक संख्या कम हो गई। शिक्षकों का कहना है कि बच्चों के बीमार होने के कारण हाजिरी कम हो रही है। बीएसए चंद्रशेखर ने बताया कि जहां से भी सूचनाएं मिल रहीं हैं वहां दिखवाया जा रहा है।