मथुरा। बरसाना के गांव डभाला में खेत से युवक का अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने युवक की जमकर पिटाई की और दो दिन तक खाना नहीं दिया। दो दिन बाद जागी बरसाना पुलिस ने युवक को मुक्त कराया। पिता की तहरीर पर पांच के खिलाफ थाना बरसाना में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मामला 27 नवंबर का है। थाना बरसाना के गांव डभाला निवासी रामबाबू पुत्र देवला खेत पर कार्य में जुटा था। इसी बीच गाड़ी से आए पांच अपहरणकर्ता उसे गाड़ी में डालकर ले गए। खेतों पर काम कर रहे लोगों ने शोर भी मचाया। अपह्त के परिजनों ने भागदौड़ करके अपहरणकर्ताओं की तलाश की और पुलिस को सूचित किया।
काफी देर बाद पहुंची बरसाना पुलिस ने केवल कोरम पूरा किया। अपह्त की तलाश की जहमत तक न उठाने वाली बरसाना पुलिस ने पिता की तहरीर पर रात को छाता के गांव लाडपुर निवासी लेखा, जगवीर, सचिन, रामनिवास, रामकिशन और सचिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सीओ गोवर्धन विनय सिंह चौहान ने बताया कि युवक को ससुराल वालों ने अपह्त किया था। विवाद के चलते ऐसा हुआ है। उसे 28 नवंबर को मुक्त करा लिया गया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।