टूंडला (फिरोजाबाद)। रविवार शाम दिल्ली रेलखंड पर रेलवे ने ट्रैक मेंटीनेंस को लिए गये ब्लॉक के चलते साप्ताहिक ट्रेन लगभग पौने दो घंटे तक टूंडला स्टेशन पर खड़ी रही। इसके चलते यात्रियों ने रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवान पहुंच गये। हंगामे के चलते ट्रेन को आगे खड़ा कर दिया।
कानपुर सेंट्रल से चलकर आनंद बिहार टर्मिनल जा रही 14151 साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर करीब एक घंटे देरी से पहुंची थी। काफी देर तक ट्रेन स्टेशन से नहीं चली तो यात्रियों ने प्लेटफार्म हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर ट्रेन को थोड़ा आगे बढ़ा कर फिर रोक दिया।
यह देख यात्रियों का गुस्सा और बढ़ गया उन्होंने पुन: हंगामा कर दिया। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को मौके पर आ गए। यात्रियों को समझाया कि आगे मितावली स्टेशन पर ब्लॉक लिया गया है, थोड़ा समय लगेगा।
यात्रियों ने फिर भी हंगामा बंद नहीं किया। बाद में अधिकारियों के पहुंचने पर ही यात्री शांत हुए। इस दौरान ट्रेन यहां करीब पौने एक घंटे और मितावली स्टेशन पर 40 मिनट तक खड़ी रही। इससे रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ गया।