फिरोजाबाद। जीएसटी के प्रावधानों में संशोधन के साथ एफडीआई और आन लाइन ट्रेडिंग के विरोध में भारत बंद का आव्हान करते हुए व्यापार मंडल ने शुक्रवार को बाजार बंद कराने का प्रयास किया। बाजार बंद करने की अपील करते हुए व्यापारी नेता सुबह से ही बाजार में आ गए। जुलूस निकालकर बाजार बंद करने की अपील की। सदर बाजार में दुकानें निर्धारित समय से कुछ देर से जरूर खुली लेकिन बंदी का असर कहीं नहीं दिखा। दवा की दुकानें भी खुली रहीं।
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया एवं उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी, एफडीआई, मंडी शुल्क, सैंपलिंग, आयकर, ऑनलाइन ट्रेडिंग के विरोध में भारत बंद का आह्वान किया था। व्यापार मंडल के पदाधिकारी बाजार बंद कराने के लिए सुबह बाइक से निकले। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनिल मैनेजर, महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में सुबह नौ बजे सुभाष तिराहा पर बाजार बंद कराने पहुंचे। यहां कुछ दुकानें खुली थीं, पदाधिकारियों की अपील पर व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
बाइकों पर सवार व्यापार मंडल के पदाधिकारी सुभाष तिराहा, गांधीपार्क, सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा, सदर बाजार, घंटाघर, छोटा चौराहा, इमाबाड़ा, नालबंद चौराहा तक खुली दुकानों को बंद कराया। हालांकि इस दौरान अधिकांश बाजार खुला नहीं थी, जो इक्का-दुक्का दुकानें खुली थीं, वह व्यापार मंडल ने बंद जरूर कराईं। व्यापार पदाधिकारियों के गुजरने के बाद व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोल लीं। 11 बजे तक पूरा बाजार सामान्य रूप से खुला नजर आया। व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पीएम के नाम एसडीएम मुख्यालय को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
उप्र उद्योग व्यापार मंडल ने भारत बंद के साथ दवा व्यापारियों से भी बंद का आह्वान किया था, परंतु शुक्रवार को दवा की दुकानें खुली नजर आईं। जिला अस्पताल के सामने सभी मेडीकल खुले नजर आए। सुभाष तिराहा, गांधीपार्क, बाग छिंगामल, सदर बाजार, घंटाघर से छोटे चौराहे तक दवा की सभी दुकानें खुली रहीं। मरीजों व तीमारदारों को दवा के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ा।
बाजार बंद कराने के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारी सुभाष तिराहे पर एकत्रित होकर ज्ञापन सौंपने के लिए बाइकों पर सवार होकर जिला मुख्यालय रवाना हुए थे। जिला मुख्यालय पर स्कूटी फिसलने के कारण जिलाध्यक्ष अनिल मैनेजर, महामंत्री मनोज गुप्ता घायल हो गए। दोनों के पैर में गंभीर चोट आने के कारण प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। व्यापार मंडल के एक पदाधिकारी ने आरोप लगाया कि एक व्यापारी नेता की बाइक से स्कूटी में कट मारने से हादसा हुआ है।