आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी एवं भाषा विज्ञान विद्यापीठ (केएमआई) में शनिवार को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी आयोजन किया गया। साथ ही हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कराई गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि आरएसएस के ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश ने कहा कि जब तक अंग्रेजियत नहीं जाएगी, हिंदी का सही से विकास नहीं हो पाएगा। हिंदी के बिना भारत अधूरा है। उन्नति की जड़ स्वभाषा होती है। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय शोध संस्थान, उत्तराखंड के प्रांत प्रमुख डॉ. सुशील कोटनाला ने कहा कि देश में अंग्रेजी के गढ़ को तोड़ना होगा। अपने देश के संस्कृति दीप को न बुझने दें।
कार्यक्रम के अध्यक्ष कुलपति डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित ने छात्रों को प्रेरित किया कि वह अच्छी शिक्षा हासिल कर अपना भविष्य संवारें, साथ ही समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन जरूर करें। संस्थान के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने अतिथियों का परिचय दिया। प्रो. हरिवंश सिंह सोलंकी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतियोगिताएं व उनके परिणाम
- त्वरित भाषण में धीरज शर्मा ने प्रथम, नेहा वर्मा ने द्वितीय व प्रवीन वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- निबंध में सदफ इश्त्याक ने प्रथम, सुरभि ने द्वितीय व शीतल परमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
- काव्यपाठ में दिव्या त्यागी ने पहला, सदफ इश्त्याक ने दूसरा, दीपक कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
- लोक गायन में रॉबिन कुमार ने प्रथम, राहुल पाराशर ने द्वितीय, प्रिया वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
- वाद-विवाद में प्रज्ञा पाराशर पहले, दीक्षा शर्मा दूसरे, श्रीजी अग्रवाल तीसरे स्थान पर रहे।