मैनपुरी। जिला अस्पताल में अधिकारी और डॉक्टर मनमानी करते नजर आ रहे हैं। यहां डॉक्टरों और अधिकारयिों के लिए हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया हैं, लेकिन मरीजों के लिए पंखों की हवा तक नहीं। डॉक्टरों ने धमकी दी तो उनके शयन कक्ष में भी एसी लगवा दी गई। वहीं, माइनर ओटी जहां मरीजों के टांके आदि लगाने का कार्य किया जाता है, वहां कूलर की भी व्यवस्था नहीं है। यह व्यवस्था अस्पताल प्रशासन पर सवाल खड़े कर रही है।
जिला अस्पताल में इमरजेंसी करने वाले डॉक्टरों ने धमकी दी तो उनके कक्ष में एसी लग गए। एक सप्ताह पहले फिर से धमकी दी कि यदि उनके शयन कक्ष में एसी नहीं लगेगा तो वे लोग ड्यूटी नहीं करेंगे। अस्पताल प्रशासन ने उनकी धमकी के बाद उनके शयन कक्ष में जहां वे ड्यूटी के दौरान समय मिलने पर आराम करेंगे या रात में आराम करेंगे एसी लगवा दिया। वहीं, माइनर ओटी की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। इमरजेंसी से ही सटे हॉल में माइनर ओटी का कार्य किया जाता है। यहां चार पंखे लगे हैं जो महीने में 15 दिन खराब ही रहते हैं। यहां आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पुरुष वार्ड में लगे दो पंखे हैं खराब
जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में पंखे और कूलर तो लगे हैं, लेकिन उनकी हालत अच्छी नहीं है। पुरुष वार्ड में दो पंखे खराब हैं। उमसभरी गर्मी के बीच पंखे और कूलर से ठंडी हवा न मिलने से यहां भर्ती मरीज मच्छरों और गर्मी से परेशान रहते हैं।
सीएमएस डॉ.आरके सागर का कहना है कि माइनर ओटी में चार पंखे लगाए गए हैं। यहा एसी के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। शीघ्र ही एसी की व्यवस्था की जाएगी।